R.Samachar
धनबाद, झारखंड सहित देश-दुनी की हर छोटी-बड़ी खबर सबसे पहले। स्थानीय खबर | क्राइम | राजनीति | प्रशासन | जनसमस्या
गंगा का कटाव बना आफत! साहिबगंज रेलखंड पर 12 ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट
30/09/2026
#साहिबगंज रेलखंड पर गंगा का कहर! 12 ट्रेनें रद्द, कई के रूट बदले—यात्रियों की बढ़ी परेशानी
साहिबगंज रेलखंड से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। सकरी गली और महाराजपुर रेलवे स्टेशनों के बीच गंगा नदी के तटबंध में कटाव बढ़ने के बाद रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर डाउन लाइन पर यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन स्थगित कर दिया है।
इसके चलते 30 सितंबर 2026 से कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और आंशिक रूप से संचालित किया जा रहा है। रेलवे ने साहिबगंज, मालदा, भागलपुर, बरहरवा, बर्द्धमान और आजीमगंज के बीच चलने वाली 12 ट्रेनों को रद्द किया है। इनमें मेमू, पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।
वहीं बलिया–सियालदह एक्सप्रेस और काठगोदाम–हावड़ा बाघ एक्सप्रेस को मुंगेर–भागलपुर–बांका–देवघर–जसीडीह बाईपास के रास्ते चलाया जाएगा। जबकि गया–हावड़ा एक्सप्रेस को किऊल–झाझा–आसनसोल के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
कुछ ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से किया जाएगा। रेलवे के मुताबिक, गंगा के तटबंध में कटाव को देखते हुए यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि सफर से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।
गंगा के कटाव से रेल सेवा प्रभावित! 12 ट्रेनें रद्द, कई के बदले रूट 🚨🚆
धनबाद में दर्दनाक हादसा! FCI के चावल लोड ट्रक ने 70 वर्षीय साइकिल सवार को कुचला, मौके पर मौत; गुस्साई भीड़ ने किया सड़क जाम
धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ भगत जी मंदिर के पास देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ। FCI के चावल लोड ट्रक की चपेट में आने से 70 वर्षीय सुरेश चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर ट्रकों में तोड़फोड़ की। परिजन और स्थानीय लोग मुआवजे के साथ परिजन को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने ट्रक से सरकारी चावल की बोरियां चोरी करने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया।
धनबाद से बड़ी खबर, पूरी जानकारी वीडियो में देखें।
#धनबाद #सड़कहादसा #मनईटांड़ #धनसार
दुर्गा पूजा से पहले धनबाद पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान! 8 जोन में होगी रातभर निगरानी
दुर्गा पूजा को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक, पूजा पंडालों की निगरानी और रात्रि गश्ती को लेकर अहम निर्देश दिए गए।
जिले को 8 जोन और 3 सुपर जोन में बांटकर रात में पुलिस गश्ती की निगरानी होगी। पूजा पंडालों में CCTV और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, आर्म्स एक्ट के सभी लंबित मामलों का अगले दो महीने में निष्पादन करने का भी निर्देश दिया गया है।
📍धनबाद | दुर्गा पूजा 2026
🎥 पूरी खबर के लिए वीडियो देखें और शेयर करें।
29/09/2026
#धनबाद में हाईवे पर अवैध पार्किंग करने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 75 वाहनों से ₹9 लाख जुर्माना
धनबाद में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर नेशनल हाईवे टास्क फोर्स ने विशेष जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान हाईवे किनारे अवैध रूप से खड़े 75 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई और करीब 9 लाख रुपये का चालान काटा गया।
जांच के दौरान कई भारी और व्यावसायिक वाहन हाईवे के किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े मिले। अधिकारियों के मुताबिक, इससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक, जिला सड़क सुरक्षा टीम, पुलिस पदाधिकारी और एनएचएआई की रूट पेट्रोलिंग व्हीकल टीम शामिल रही।
कार्रवाई के साथ वाहन चालकों और आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। चालकों को हिदायत दी गई कि हाईवे या सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा न करें और निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करें।
#धनबाद
29/09/2026
पूजा-त्योहार में रेल यात्रियों को बड़ी राहत, 13 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का ऐलान
पूजा और आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग रूटों पर फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।
इन ट्रेनों में चंडीगढ़-पटना, फिरोजपुर कैंट-पटना, आनंद विहार-पाटलिपुत्र, एरणाकुलम-पटना, पोत्तनूर-बरौनी, आनंद विहार-जोगबनी, दिल्ली-सीतामढ़ी, आनंद विहार-मुजफ्फरपुर, योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर, नई दिल्ली-सुपौल, शकूरबस्ती-दरभंगा और दिल्ली-कामाख्या के बीच चलने वाली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
इसके अलावा आनंद विहार-लौकहा बाजार-आनंद विहार के बीच भी प्रतिदिन फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है।
इन स्पेशल ट्रेनों से पटना, पाटलिपुत्र, दानापुर, आरा, बक्सर, डीडीयू, हाजीपुर, सोनपुर, बरौनी, कटिहार, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज समेत कई प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार इन ट्रेनों का परिचालन अक्टूबर और नवंबर 2026 के दौरान अलग-अलग निर्धारित तिथियों और सप्ताह के दिनों में किया जाएगा। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के निर्धारित दिन, समय और ठहराव की जानकारी जांच लेने की अपील की है।
29/09/2026
#तेतुलमारी में निजी जमीन पर सरकारी भवन निर्माण का आरोप, जनता दरबार में पहुंची शिकायत
#धनबाद के तेतुलमारी से निजी रैयती जमीन पर कथित अवैध निर्माण और सरकारी राशि के दुरुपयोग की शिकायत सामने आई है। मंगलवार को जन शिकायत कोषांग में पहुंचे बीसीसीएल से सेवानिवृत्त एक वरिष्ठ नागरिक ने अपनी और अपने भाई की जमीन पर जबरन सरकारी भवन निर्माण कराने का आरोप लगाया।
शिकायतकर्ता के अनुसार तेतुलमारी थाना के समीप मैगजीन घर के पास उनकी करीब 4 एकड़ 20 डिसमिल निजी रैयती जमीन है। आरोप है कि स्थानीय दबंगों द्वारा प्रशासन को गुमराह कर बिना एनओसी के जमीन पर सरकारी भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि झारखंड हाईकोर्ट उनके पक्ष में फैसला दे चुका है। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने का आरोप लगाते हुए उन्होंने अपनी संपत्ति और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
वहीं जनता दरबार में ऑनलाइन लगान जमा नहीं होने, बेलगड़िया में आवास आवंटन, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के लिए अधिग्रहित जमीन के पुनर्मूल्यांकन और उचित मुआवजे, चौकीदार के रिक्त पदों पर बहाली, भूली डी-ब्लॉक स्थित बड़े कब्रिस्तान की घेराबंदी और सौंदर्यीकरण तथा राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतें भी पहुंचीं।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर जन शिकायत कोषांग के प्रभारी उमेश हांसदा ने लोगों की समस्याएं सुनीं। प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।
29/09/2026
#धनबाद सदर अस्पताल में नई सुविधा शुरू, पहले दिन 10 महिलाओं को मिला गर्भनिरोधक इम्प्लांट
सदर अस्पताल में
धनबाद के सदर अस्पताल में परिवार नियोजन को लेकर एक नई सुविधा की शुरुआत की गई है। मंगलवार से यहां सबडर्मल कॉन्ट्रासेप्टिव इम्प्लांट सेवा शुरू हो गई। सेवा के पहले ही दिन 10 महिलाओं को इसका लाभ दिया गया। यह महिलाओं के लिए लंबे समय तक प्रभावी रहने वाली गर्भनिरोधक सुविधा है।
इस सेवा के संचालन को लेकर 28 और 29 सितंबर को सदर अस्पताल में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें 12 चिकित्सा पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण लिया। मास्टर ट्रेनर डॉ. रेखा कुमारी और डॉ. संध्या कुमारी ने चिकित्सा पदाधिकारियों को इम्प्लांट लगाने की सैद्धांतिक और व्यावहारिक जानकारी दी।
सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि यह इम्प्लांट करीब तीन वर्षों तक प्रभावी रहता है और इसे महिला की बाएं हाथ की ऊपरी भुजा में लगाया जाता है। जिले में परिवार नियोजन सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से यह सुविधा शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि यह सेवा सदर अस्पताल के साथ एसएनएमएमसीएच में भी उपलब्ध होगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम पीएसआइ इंडिया के सहयोग से आयोजित किया गया।
29/09/2026
#टुंडी में हाथी का कहर: पारा शिक्षक की मौत, परिवार को 10 लाख मुआवजा और नियोजन पर सहमति
धनबाद के टुंडी प्रखंड के गुलियाडीह गांव में हाथी के हमले में पारा शिक्षक की दर्दनाक मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश देखने को मिला। मंगलवार तड़के करीब 3 बजे 51 वर्षीय पारा शिक्षक ग्रीजा मुर्मू को हाथियों ने कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि डीएफओ मौके पर पहुंचें और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने के साथ हाथियों से सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
इसके बाद डीएफओ विकास पालीवाल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ घंटों बैठक की। बैठक के बाद मृतक के परिजनों को कुल 10 लाख रुपये मुआवजा और एक नियोजन देने पर सहमति बनी।
मुआवजे में एक लाख रुपये नगद, आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से चार लाख और वन विभाग की ओर से पांच लाख रुपये शामिल हैं।
डीएफओ ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से हाथियों का झुंड टुंडी क्षेत्र में घूम रहा है और वन विभाग की क्यूआरटी टीम लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि हाथी दिखने पर उसके करीब न जाएं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
मुआवजे और नियोजन पर सहमति बनने के बाद ग्रामीण शांत हुए। हालांकि, इस घटना ने टुंडी क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
29/09/2026
सिंफर में विकसित भारत 2047 पर मंथन, खनन सुरक्षा और नई तकनीक पर जोर
धनबाद के सिंफर में मंगलवार को CSIR के 85वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में DGMS के महानिदेशक रवींद्र टी. मांडेककर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। समारोह में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य, खनन सुरक्षा, वैज्ञानिक शोध और औद्योगिक विकास को लेकर मंथन किया गया।
DGMS महानिदेशक ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल आर्थिक विकास या GDP बढ़ाने से पूरा नहीं होगा। इसके लिए पर्यावरण, समाज और शासन—तीनों क्षेत्रों में संतुलित विकास जरूरी है।
उन्होंने खनन क्षेत्र में सुरक्षा को भी प्रमुख मुद्दा बताया। कहा कि दुर्घटनाओं को कम करने के साथ अब लक्ष्य शून्य क्षति हासिल करना होना चाहिए।
वहीं सिंफर के निदेशक प्रो. अरविंद कुमार मिश्रा ने कहा कि माइनिंग सेक्टर की भविष्य की चुनौतियों का समाधान शोध और नवाचार के जरिए करना होगा। CSIR-सिंफर, DGMS, CMPDI और माइनिंग इंडस्ट्रीज के बीच बेहतर समन्वय से नई तकनीक और वैज्ञानिक समाधान विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
खासकर क्रिटिकल मिनरल्स और महत्वपूर्ण खनन क्षेत्रों में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए रिसर्च और इनोवेशन की भूमिका अहम बताई गई।
समारोह में CSIR और CSIR-सिंफर की 85 वर्षों की उपलब्धियों और देश के औद्योगिक विकास में योगदान को भी रेखांकित किया गया।
Category
Website
Address
828104