Collector Office Sagar
Official handle of Collector of Sagar, Government of Madhya Pradesh
03/10/2026
➡️ अवैध मदिरा भंडारण और नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई: सागर कलेक्टर के निर्देश पर 2 रेस्तरां बार के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त
जिले में अवैध मदिरा भंडारण और आबकारी नियमों के उल्लंघन के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए दो प्रमुख रेस्तरां बार के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार की गई है।
भगवानगंज स्थित मुस्कान बार एण्ड रेस्टोरेंट (लाइसेंसी श्री भगत सिंह राजपूत) के वर्ष 2026–27 के एफ.एल.-2 रेस्तरां बार अनुज्ञप्ति को निरस्त कर दिया गया है। बता दें कि 14 सितंबर 2026 को अनुविभागीय अधिकारी श्री रोहित वर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप एवं सहायक आयुक्त आबकारी श्रीमती वंदना पांडेय के नेतृत्व में दल ने औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान बार में बिना परमिट की 43 बोतल स्प्रिट मदिरा, 96 बोतल बीयर, 50 कैन बीयर (कुल 119.65 बल्क लीटर मदिरा) अवैध रूप से विक्रय हेतु संग्रहित पाई गई।
मौके पर कोई वैध दस्तावेज/परमिट प्रस्तुत न किए जाने पर आबकारी विभाग ने मदिरा जब्त कर प्रकरण कायम किया।
कारण बताओ सूचना पत्र का संतोषजनक उत्तर न मिलने पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा-31 (1)(ख) के तहत यह अनुज्ञप्ति निरस्त की गई।
इसी प्रकार जी.के. होटल्स (भगवानगंज) पर भी कार्रवाई की गई है।
भगवानगंज स्थित 'जी.के. होटल्स' (लाइसेंसी श्री सुरेन्द्र कुमार अहिरवार) के वर्ष 2026–27 हेतु जारी एफ.एल.-2 रेस्तरां बार अनुज्ञप्ति को भी निरस्त किया गया है।
उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर 2026 के निरीक्षण के दौरान होटल/रेस्तरां बार में बिना परमिट के 18 बोतल मदिरा, 16 कैन बीयर (कुल 28.2 बल्क लीटर मदिरा) अवैध रूप से संग्रहित पाई गई।
आबकारी नियमों एवं शर्तों का उल्लंघन करने तथा दिए गए कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब न देने के कारण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत इनकी अनुज्ञप्ति भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई है।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आबकारी नियमों के उल्लंघन और अवैध मदिरा के भंडारण पर आगे भी इसी तरह सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
03/10/2026
मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत एवं कलेक्टर श्रीमती पाल ने सुरखी नगर परिषद परिसर में किया वृक्षारोपण , विकास कार्यों की समीक्षा
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत एवं कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल आज सुरखी नगर परिषद भवन पहुंचे। इस दौरान मंत्री श्री राजपूत एवं कलेक्टर श्रीमती पाल ने नगर परिषद परिसर में पहुंचकर सर्वप्रथम वृक्षारोपण किया। इसके पश्चात उन्होंने नगर परिषद परिसर के निर्माण कार्यों को देखा।
इसके पश्चात मंत्री श्री राजपूत ने कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों से सुरखी क्षेत्र के विकास कार्यों तथा अन्य आवश्यक कार्यों की समीक्षा की। मंत्री श्री राजपूत ने नगर परिषद की व्यवस्थाओं एवं संचालित कार्यों के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, एसडीएम सहित नगर परिषद एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
03/10/2026
➡️कलेक्टर के सख्त निर्देश: हाईरिस्क प्रेग्नेंसी का एक भी केस न छूटे, प्रत्येक मामले की हो गहन निगरानी
➡️ समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरखी का औचक निरीक्षण; ओपीडी, दवा स्टॉक और प्रसव कक्ष का लिया जायजा
➡️ कंप्यूटर रिकॉर्ड और स्टोर में उपलब्ध दवाओं का शत-प्रतिशत मिलान करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को धरातल पर परखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरखी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, दवा स्टोर, पैथोलॉजी लैब, प्रसव कक्ष, पीएनसी वार्ड और वैक्सीनेशन कक्ष सहित विभिन्न अनुभागों की व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया।
कलेक्टर ने ओपीडी की स्थिति का जायजा लेने के बाद मुख्य दवा स्टोर का निरीक्षण किया। उन्होंने दवा वितरण एवं स्टॉक संचालन प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कंप्यूटर पोर्टल पर दर्ज दवा स्टॉक और स्टोर रूम में भौतिक रूप से उपलब्ध दवाओं की मात्रा का शत-प्रतिशत मिलान होना चाहिए।
उन्होंने पैथोलॉजी लैब की जांच प्रक्रियाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मरीजों को सभी प्रकार की पैथोलॉजिकल रिपोर्ट समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनके उपचार में अनावश्यक विलंब न हो। इसके अतिरिक्त, कैश बैंक मैपिंग के फॉलोअप और फोकल पॉइंट कक्ष में जीवन रक्षक एंटीवेनम सहित उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए।
➡️ प्रसूताओं से सीधा संवाद एवं व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती पाल ने पीएनसी वार्ड और प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने वहाँ भर्ती प्रसूताओं एवं उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने परिजनों से स्वास्थ्य केंद्र पहुँचने के समय, रेफरल प्रक्रिया और मिलने वाले उपचार की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। और बीएमओ को दिए निर्देश कि हाईरिस्क प्रेग्नेंसी के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र में चिह्नांकित हाईरिस्क प्रेग्नेंसी के प्रत्येक मामले की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। एचआरपी गर्भवती महिलाओं को समय रहते स्वास्थ्य केंद्र लाया जाए और उपचार उपरांत केस का विधिवत एवं समयबद्ध क्लोजर सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईरिस्क प्रेग्नेंसी का एक भी केस निगरानी से छूटना नहीं चाहिए, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को न्यूनतम किया जा सके।"
कलेक्टर ने समस्त डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पारदर्शी और त्वरित रूप से पहुँचाया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री रोहित वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक एवं स्वास्थ्य अमला उपस्थित रहा।
03/10/2026
➡️ "यह भाषण सुनाने का नहीं, समस्याओं के समाधान का शिविर है; सरकार स्वयं आपके द्वार आई है, आमजन उठाएं योजनाओं का पूरा लाभ"—
➡️ जनता की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करें अधिकारी
___ कैबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत
➡️ कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को दिए निर्देश -समय सीमा के भीतर निराकृत करें हर आवेदन
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत सुरखी में एक भव्य जन-समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। मंत्री श्री राजपूत ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का गहन निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों से जनकल्याणकारी योजनाओं व दी जा रही सेवाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
शिविर में उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यह आयोजन मात्र भाषण सुनाने का औपचारिक मंच नहीं है, बल्कि यह आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और धरातलीय समाधान का शिविर है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर पूरे प्रदेश में जिला स्तरीय, खंड स्तरीय एवं नगरीय निकायों में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य यह है कि जिला प्रशासन के आला अधिकारी स्वयं जनता के बीच पहुँचकर उनकी समस्याओं का सामना करें और उनका निवारण करें।
आज कलेक्टर से लेकर जिले का पूरा प्रशासनिक अमला आपके बीच मौजूद है। सरकार और जिला प्रशासन चलकर आपके घर तक आया है। आमजन को चाहिए कि वे शिविर में आकर अधिकारियों से अपनी समस्याओं पर बात करें, योजनाओं की प्रक्रिया समझें और उनका पूरा लाभ उठाएं।
मंत्री श्री राजपूत ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि नागरिकों से प्राप्त आवेदनों का पूरी गंभीरता से परीक्षण किया जाए और उनका समय-सीमा के भीतर पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
अपने संबोधन के दौरान मंत्री श्री राजपूत ने राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संबल कार्ड के बहुआयामी फायदों और इसके तहत संकट के समय मिलने वाली अनुग्रह सहायता राशि की जानकारी दी।
ग्रामीण क्षेत्रों में भू-स्वामियों को उनके मकान व ज़मीन का वास्तविक मालिकाना हक दिलाने में स्वामित्व योजना को क्रांतिकारी बताते हुए उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राही इसकी प्रक्रिया को समझकर लाभ लें, ताकि उन्हें भविष्य में किसी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं, जिनका एकमात्र उद्देश्य 'सेवा और संकल्प' के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना है।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने शिविर की उपयोगिता पर बल देते हुए इसे आमजन की समस्याओं के निराकरण का सबसे सुलभ माध्यम बताया। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा करें और विभिन्न विभागों के स्टॉलों से जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही तत्काल निराकरण किया जाए। जिन आवेदनों में जांच या प्रक्रियात्मक समय आवश्यक है, उनका अनिवार्य रूप से तीन दिवस के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कृषि विभाग की योजनाओं, खाद-बीज की उपलब्धता, उन्नत कृषि यंत्रों तथा किसानों को मिलने वाली सब्सिडी/लाभों की विस्तृत जानकारी दी। महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जुड़ने के प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ बताए गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही निःशुल्क जांचों एवं सेवाओं का उल्लेख करते हुए कलेक्टर ने एएनएम व स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र बच्चों और गर्भवती महिलाओं का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
➡️ विभागीय स्टॉलों पर दी गई विस्तृत जानकारी
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने मंच व अपने-अपने स्टॉलों के माध्यम से विभागीय योजनाओं, उनकी पात्रता शर्तों तथा आवेदन करने की सरल प्रक्रियाओं से आम नागरिकों को अवगत कराया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अपनी पात्रता के अनुसार विभागीय स्टॉलों पर संपर्क कर योजनाओं का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सीता औंकार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे, संयुक्त कलेक्टर श्री रवीश श्रीवास्तव, एसडीएम श्री रोहित वर्मा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण व आम नागरिक उपस्थित रहे।
सुरखी में आयोजित 'मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर' में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने आमजन को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। शिविर में सभी विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं और प्राप्त आवेदनों का तत्काल या अधिकतम 3 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान- 2026’ के तहत सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सुरखी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी रजिस्टर, उपस्थिति पंजी और दवाओं के स्टॉक की बारीकी से जांच की। साथ ही, सर्पदंश के मामलों के लिए एंटी-वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया और मरीजों को त्वरित व बेहतर चिकित्सा लाभ देने पर जोर दिया।
03/10/2026
02/10/2026
➡️ बंडा में वीगोरा-100 की अवैध ऑनलाइन बिक्री उजगार, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर औषधि प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
➡️महाराष्ट्र FDA की शिकायत पर बंडा में हुई छापेमारी, 120 स्ट्रिप्स बिना बिल के बेचने का मामला आया सामने
➡️ अंकित मेडिकल स्टोर की भूमिका संदिग्ध, 4 से 5 घंटे चली गहन जांच के बाद दस्तावेज व साक्ष्य जब्त
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के सख्त निर्देशों के अनुपालन में औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में प्रतिबंधित व नशीली दवाओं की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ समानांतर कार्रवाई जारी रखी है। इसी क्रम में बंडा में वीगोरा-100 दवा की अवैध ऑनलाइन बिक्री सबके सामने उजागर हुई है।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार, नियंत्रक (खाद्य एवं औषधि प्रशासन, भोपाल) के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई निष्पादित की गई।
➡️ महाराष्ट्र एफ डी ए से मिली इनपुट पर हुई त्वरित जांच
मामले की जानकारी देते हुए औषधि अधिकारियों ने बताया कि महाराष्ट्र एफ डी ए से वीगोरा-100 की अवैध ऑनलाइन बिक्री के संबंध में एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर बंडा क्षेत्र में जब गहन जांच-पड़ताल की गई, तो यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि अंकित मेडिकल स्टोर के संचालक द्वारा वीगोरा-100 की पूरी 120 स्ट्रिप्स बिना किसी बिल/कैश मेमो के एक अन्य व्यक्ति को बेची गई थीं। उक्त व्यक्ति इन दवाओं को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अवैध रूप से आगे बेच रहा था।
➡️ मौके पर पकड़ा गया आरोपी, दस्तावेज जब्त
औषधि प्रशासन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन बिक्री में संलिप्त व्यक्ति को मौके पकड़ा। कार्रवाई के दौरान प्रकरण से जुड़े आवश्यक दस्तावेज, बिक्री अभिलेख और अन्य साक्ष्य मौके से जब्त किए गए हैं। औषधि निरीक्षक सोनम जैन एवं औषधि निरीक्षक मनीष सुमन की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई लगभग 4 से 5 घंटे तक लगातार चलाई गई।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया है कि बिना पर्चे व बिना बिल के दवाओं की कालाबाजारी या अवैध ऑनलाइन बिक्री करने वालों को पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। मामले में संबंधित अंकित मेडिकल स्टोर संचालक तथा इसमें शामिल अन्य सभी व्यक्तियों की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है। जब्त साक्ष्यों के आधार पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत संबंधितों के खिलाफ सख्त वैधानिक व कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
02/10/2026
➡️ गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस पर सागर में विशेष स्वच्छता अभियान: सांसद, कलेक्टर व जनप्रतिनिधियों ने सफाईमित्रों का किया सम्मान
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती तथा पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जन्म जयंती के अवसर पर 'स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026' के तहत सागर शहर में स्वच्छ भारत दिवस मनाया गया। इस दौरान शहरभर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के साथ-साथ सफाईमित्रों को सम्मानित किया गया। शासन के निर्देशानुसार सागर नगर निगम के सभी 48 वार्डों में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सफाई मित्रों के साथ मिलकर गलियों और सड़कों की सफाई की।
बस स्टैंड पर मुख्य कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों ने की सफाई
डॉ. हरीसिंह गौर बस स्टैंड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद डॉ. लता वानखेड़े, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, श्री श्याम तिवारी, निगमाध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार और निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री सहित वार्ड पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से बस स्टैंड गेट से दीनदयाल चौक तक झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद दीनदयाल चौक स्थित प्रतिमा परिसर की सफाई की गई और कचरा डस्टबिन से कचरा वाहन में एकत्र कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। मंच पर 'नमो सेवा: अनकही कहानियां' नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रेरक मंचन किया गया। निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने अतिथियों को तुलसी का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। किसी भी शहर की सुंदरता और स्वच्छता का मापदंड वहां के सफाईमित्र ही तय करते हैं। प्रधानमंत्री जी के "सेवा ही समर्पण, सेवा ही संकल्प और सेवा ही विकसित भारत का आधार" के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए आज स्वच्छता दीदियों और भाइयों का सम्मान कर गर्व का अनुभव हो रहा है।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सभी को महात्मा गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं देते हुए सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सफाईमित्रों से आग्रह किया कि वे सुबह काम पर निकलते समय घर का बना पौष्टिक भोजन साथ ले जाएं और बाहरी खाद्य पदार्थों से बचें। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि सुबह 5 बजे भी निरीक्षण पर निकलने पर स्वच्छता दीदियां पूरी निष्ठा से सफाई करती नजर आती हैं। उन्होंने सफाईकर्मियों से अपने बच्चों को शिक्षित करने की अपील की ताकि उनके सपने पूरे हो सकें।
महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वयं सफाई करके स्वच्छता का पहला संदेश दिया था। आज सागर के सफाईमित्रों का सम्मान केवल नगर निगम या प्रशासन का नहीं, बल्कि पूरे सागर शहर की ओर से उनके समर्पण का सम्मान है। श्री श्याम तिवारी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत सफाईमित्रों का सम्मान किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता कर्मियों को जो सम्मान दिया है, वह अप्रतिम है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक प्रकल्पों में सक्रिय रूप से सहभागी बनें।
निगमाध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने कहा कि सफाईमित्रों की निष्ठा और मेहनत के कारण ही आज सागर शहर स्वच्छ और सुंदर नजर आ रहा है। उनका सम्मान वास्तव में सेवा और समर्पण का सम्मान है।
सफाईमित्रों को किट व प्रमाण पत्र वितरित
अतिथियों ने सफाईमित्रों को प्रशंसा पत्र एवं स्वच्छता सामग्री किट प्रदान की। अंत में "स्वच्छता में सागर बनेगा नंबर-1" और "स्वच्छता की गागर, हमाओ सागर" के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके पूर्व प्रातः काल निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने सफाईमित्रों को ससम्मान पगड़ी बंधवाई। उन्होंने सफाईमित्रों को शहर की "रीढ़ की हड्डी" बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।
Category
Contact the organization
Website
Address
जिला विज्ञान सूचना अधिकारी, कलेक्टर कार्यालय सागर
Sagar
470001
Alerts
Be the first to know and let us send you an email when Collector Office Sagar posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.