News Adda
News Adda से जुड़े सच्ची, सटीक और विश्वसनीय खबरों के लिए. 🎥🗞️🖋️
26/09/2026
कोसी में बाढ़: 3.13 लाख क्यूसेक डिस्चार्ज, तटबंधों पर बढ़ी चौकसी
सुबह 8 बजे आंशिक उतार से मिली राहत, बराहक्षेत्र में 2.23 लाख क्यूसेक पर स्थिर जलप्रवाह
वीरपुर (सुपौल)। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया है। शनिवार सुबह कोसी बराज पर पानी का डिस्चार्ज तीन लाख क्यूसेक के पार दर्ज किया गया। हालांकि, सुबह 7 बजे के मुकाबले 8 बजे डिस्चार्ज में मामूली कमी आने से तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों और प्रशासन ने आंशिक राहत की सांस ली है। जल संसाधन विभाग ने तटबंधों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है।
जल संसाधन विभाग के नियंत्रण कक्ष के अनुसार, सुबह 7 बजे कोसी बराज से कुल 3,16,795 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया था। उस समय नदी का रुख स्थिर था। सुबह 8 बजे डिस्चार्ज घटकर 3,13,300 क्यूसेक रह गया। यानी एक घंटे में 3,495 क्यूसेक की कमी दर्ज की गई और नदी का रुख घटने की ओर रहा।
डाउनस्ट्रीम में भी पानी के डिस्चार्ज में कमी आई है। सुबह 7 बजे डाउनस्ट्रीम में 3,13,595 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, जो सुबह 8 बजे घटकर 3,10,100 क्यूसेक हो गया। वहीं नेपाल के बराहक्षेत्र में जलप्रवाह दोनों समय 2,23,700 क्यूसेक पर स्थिर दर्ज किया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर पूर्वी कोसी मुख्य नहर में पानी का प्रवाह पूरी तरह बंद रखा गया है, जबकि पश्चिमी कोसी मुख्य नहर से 3,200 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
तीन लाख क्यूसेक से अधिक डिस्चार्ज को देखते हुए जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है। तटबंधों, स्परों और संवेदनशील बिंदुओं की लगातार निगरानी की जा रही है। संभावित कटाव से निपटने के लिए बालू भरी बोरियों और बोल्डर की व्यवस्था भी रखी गई है।
इधर, सहरसा जिले में भी पूर्वी कोसी तटबंध पर प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। शुक्रवार को डीएम से लेकर सीओ, आरओ और बीडीओ तक तटबंध का निरीक्षण करते नजर आए। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है।
22/09/2026
बिहार के 700 मॉडल स्कूलों में अब अफसर लेंगे बच्चों की क्लास
डीएम, एसपी समेत जिला स्तरीय अधिकारी हर सप्ताह पढ़ाएंगे एक या अधिक कक्षाएं, शिक्षा विभाग ने सभी जिलों के डीएम को जारी किया निर्देश
पटना। बिहार के सरकारी मॉडल स्कूलों में अब प्रशासनिक अधिकारी भी बच्चों को पढ़ाते नजर आएंगे। शिक्षा विभाग ने राज्य के करीब 700 मॉडल स्कूलों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सुधार के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी देने का निर्देश जारी किया है।
निर्देश के अनुसार प्रत्येक मॉडल स्कूल से एक जिला स्तरीय पदाधिकारी को संबद्ध किया जाएगा। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से स्कूल का निरीक्षण और अनुश्रवण करेंगे। साथ ही अपनी विषय रुचि के अनुसार हर सप्ताह एक या उससे अधिक कक्षाएं स्वयं संचालित करेंगे।
अधिकारी केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं रहेंगे। वे पाठ्यक्रम की प्रगति, गृहकार्य, कक्षा में पढ़ाई की स्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, अनुशासन और स्कूल में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की भी समीक्षा करेंगे। पाठ्यक्रम समय पर पूरा हो रहा है या नहीं, आधुनिक सुविधाओं का इस्तेमाल हो रहा है या नहीं, इसकी भी निगरानी की जाएगी।
20/09/2026
सलखुआ के मुबारकपुर पंचायत की मुख्य सड़क बदहाल, ग्रामीणों में आक्रोश
वर्षों से जर्जर सड़क पर आवागमन को मजबूर हैं हजारों लोग, बारिश में बढ़ जाती है परेशानी; बीडीओ ने दिया जांच व कार्रवाई का आश्वासन
सलखुआ (सहरसा)। सलखुआ प्रखंड अंतर्गत मुबारकपुर पंचायत की मुख्य सड़क वर्षों से बदहाल स्थिति में है। सड़क निर्माण नहीं होने से पंचायत के करीब 5 से 7 हजार की आबादी को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है। इससे लोगों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क जगह-जगह टूट चुकी है और कई हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होती है। कई बार वाहन चालक गड्ढों और कीचड़ के कारण दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचते हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण को लेकर लंबे समय से आश्वासन दिया जाता रहा है, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ। कुछ ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में कथित अनियमितता और आपसी मिलीभगत की भी बात कही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, ग्राम प्रतिनिधि इस मामले पर स्पष्ट रूप से कुछ भी बोलने से बचते नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। बारिश के दौरान कीचड़ और पानी के बीच बच्चों को स्कूल जाना पड़ता है। कई बार खराब रास्ते के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं, बीमार लोगों को अस्पताल या प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचाने में भी परेशानी होती है।
इस संबंध में जब प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) वीरेंद्र कुमार से बात की गई तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क का निरीक्षण कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
17/09/2026
बाबा गणिनाथ गोविंद के पूजनोत्सव की तैयारी अंतिम चरण में, आयोजकों ने लिया जायजा
सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा)। बाबा गणिनाथ गोविंद के द्वितीय पूजनोत्सव को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 18 एवं 19 सितंबर को कानू टोला स्थित राजदेवी भवन में आयोजित होने वाले दो दिवसीय पूजनोत्सव को लेकर आयोजन स्थल पर भव्य पंडाल निर्माण सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बुधवार को आयोजकों एवं गणिनाथ सेवक परिवार के सदस्यों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
आयोजन स्थल पर पंडाल निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है और अब यह अंतिम चरण में पहुंच चुका है। श्रद्धालुओं के बैठने, पूजा-अर्चना, महाप्रसाद, भंडारा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। पूजनोत्सव को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए गणिनाथ सेवक परिवार के सदस्य लगातार सक्रिय हैं।
आयोजकों ने बताया कि आयोजन को लेकर क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है। सेवक परिवार के सदस्य विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर समाजबंधुओं एवं गणिनाथ सेवकों को पूजनोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। आयोजन की सफलता को लेकर युवाओं के साथ-साथ मातृशक्ति भी उत्साहपूर्वक तैयारियों में जुटी हुई हैं।
18 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
आयोजन समिति के अनुसार, 18 सितंबर को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के बाद मुख्य अतिथियों का स्वागत, प्रतिभावान बच्चों का सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 19 सितंबर को विधि-विधान के साथ बाबा गणिनाथ गोविंद की पूजा-अर्चना की जाएगी। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि पूजनोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए आयोजन स्थल पर पंडाल, पेयजल, भोजन, महाप्रसाद सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजकों ने समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा गणिनाथ गोविंद के पूजनोत्सव में शामिल होने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
बिहार में बाढ़ के तांडव ने बिहार के लगभग 50 लाख आबादी को प्रभावित किया है इसी बीच केंद्रीय मंत्री अमित शाह के गोपालगंज जनसभा में दिए बाढ़ पर भाषण का वीडियो इन दोनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. अमित शाह ने बिहार के जनता से कहा था कि अगले 5 साल दे दो बिहार में बाढ़ की समस्या दूर कर देंगे. इसी बयान पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अमित शाह और सत्ताधारी बिहार में बीजेपी सरकार को इसका जिम्मेदार बताया है.
14/09/2026
बाबा गणिनाथ गोविंद पूजनोत्सव की तैयारी तेज, बन रहा भव्य पंडाल
18-19 सितंबर को होगा दो दिवसीय आयोजन, शोभायात्रा, पूजा-अर्चना, सम्मान समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम व महाप्रसाद का होगा आयोजन
News Adda | सिमरी बख्तियारपुर, सहरसा
संवाददाता:- राजा कुमार
दिनांक:-14/सितम्बर /2026 (सोमवार )
बाबा गणिनाथ गोविंद के द्वितीय पूजनोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। आगामी 18 एवं 19 सितंबर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय पूजनोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए आयोजक पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटे हैं। कानू टोला स्थित राजदेवी भवन परिसर में भव्य पंडाल निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है। आयोजन स्थल पर बांस-बल्ला लगाने सहित अन्य प्रारंभिक कार्य तेजी से चल रहे हैं।
पूजनोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से आयोजक क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में लगातार संपर्क अभियान चला रहे हैं। गणिनाथ सेवकों और समाजबंधुओं से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। आयोजन की तैयारियों में गणिनाथ सेवकों के साथ बड़ी संख्या में युवा और मातृशक्ति भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
18 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
आयोजकों ने बताया कि पूजनोत्सव के पहले दिन 18 सितंबर को बाबा गणिनाथ गोविंद की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद मुख्य अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया जाएगा। शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेगा।
वहीं, 19 सितंबर को बाबा गणिनाथ गोविंद की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की जाएगी। पूजा के बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा और इसी के साथ दो दिवसीय पूजनोत्सव का समापन होगा।
आयोजकों के अनुसार, पूजनोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं समाजबंधुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए पंडाल, पेयजल, भोजन, महाप्रसाद, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजकों ने समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा गणिनाथ गोविंद के पूजनोत्सव में भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है.
13/09/2026
नशे के खिलाफ वार्ड 17 और 19 में सामूहिक संकल्प, बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध का लिया निर्णय
News Adda | सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा)।
संवाददाता:- राजा कुमार
दिनांक:- 13/सितम्बर /2026 (रविवार )
नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या 17 और 19 के लोगों ने रविवार को एकजुट होकर बड़ा सामाजिक निर्णय लिया। नया प्राथमिक विद्यालय राम टोला (शर्मा टोला) में आयोजित बैठक में स्थानीय लोगों ने सर्वसम्मति से क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया। लोगों ने इस पहल को समाज और युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसका खुलकर समर्थन किया।
बैठक में मौजूद पार्षद प्रतिनिधि श्रवण कुमार ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को बर्बाद करता है, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। विशेष रूप से युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है। ऐसे में समाज के स्तर पर सामूहिक प्रयास कर नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन को रोकना जरूरी है।
पार्षद प्रतिनिधि बेचन राम ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। खासकर युवाओं का भविष्य नशे की वजह से बर्बाद हो रहा है। इसलिए क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन दोनों पर रोक लगाने का सामूहिक निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि समाज में सकारात्मक माहौल बनाने के लिए ऐसे सामूहिक निर्णय जरूरी हैं। यदि सभी लोग एकजुट होकर नशे के खिलाफ आवाज उठाएं तो युवाओं को इस बुरी लत से बचाया जा सकता है और आने वाली पीढ़ी के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा सकता है।
इस दौरान बद्री शर्मा, नीरज कुमार शर्मा, बाबुल कुमार, राजा कुमार, रतन शर्मा, शंकर शर्मा, आशीष कुमार दास, सतन शर्मा, पिंटू शर्मा, छोटू शर्मा, रोहित शर्मा और कारण कुमार** सहित वार्ड संख्या 17 और 19 के बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी लोगों ने नशीले पदार्थों के खिलाफ लिए गए सामूहिक निर्णय को मजबूती से लागू करने और समाज में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
13/09/2026
पांच लाख गांजा के साथ दो तस्करों को पुलिस में दबोचा
सुपौल की ओर से बस से मादक पदार्थ लेकर आ रहे थे दोनों तस्कर, मैना पुल के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने किया गिरफ्तार
News Adda | सहरसा, बिहार
संवाददाता:- राजा कुमार
सिमरी बख्तियारपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काशनगर थाना पुलिस और डीआईयू की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से करीब 31 किलो गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
इस संबंध में एसडीपीओ निशिकांत भारती ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि शुक्रवार को काशनगर थानाध्यक्ष बजरंगी कुमार को सूचना मिली थी कि कुछ लोग सुपौल की ओर से मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए विशेष टीम गठित की गई। टीम में थानाध्यक्ष बजरंगी कुमार, सअनि राजेश्वर पासवान, मसि अंजली कुमारी, खुशबू कुमारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
गठित टीम ने मैना पुल के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान सुपौल की ओर से आ रही एक बस को रोककर यात्रियों और उनके सामान की तलाशी ली गई। पुलिस को देखते ही बस में बैठे दो संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद पिट्ठू बैग, थैला और बाल्टी से करीब 31 किलो गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खगड़िया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एकनिया गांव निवासी अर्जुन पासवान (55) और बेगूसराय जिले के छोटी बलिया थाना क्षेत्र के बड़ी बलिया गांव निवासी पंकज यादव (45) के रूप में हुई है।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों मादक पदार्थ कहां से लेकर चले थे और इसे कहां पहुंचाने वाले थे। तस्करी के इस नेटवर्क के फारवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है। दोनों गिरफ्तार आरोपितों को शनिवार को सहरसा न्यायालय भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Category
Website
Address
Chakla Tola Ward No:-18, Nagar Parisad Simri Bakhtiyarpur, Bihar(852127)
Saharsa
852127
Alerts
Be the first to know and let us send you an email when News Adda posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.